Sidhi News: सीधी के रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में जर्जर दीवार ढही, दो लोगों की मौत, दो घायल
Sidhi News: मध्य प्रदेश के सीधी जिले के रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया. तेज बारिश के दौरान एक जर्जर भवन की दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बारिश से बचने के लिए दीवार के पास खड़े थे लोग
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे तेज बारिश शुरू होने पर कुछ लोग बचाव के लिए न्यायालय परिसर में बने पुराने भवन की दीवार के पास खड़े हो गए थे. इसी दौरान कमजोर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और चार लोग मलबे के नीचे दब गए.

प्रशासन ने शुरू किया राहत और बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान चलाया गया. देर शाम तक मलबा हटाने का काम जारी रहा.
दो लोगों की गई जान, दो घायल
हादसे में सुखसेन केवट और साझाही साहू की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं रामसजीवन साहू और राजेश केवट गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. दोनों का उपचार जारी है, प्रशासन की शुरुआती जांच में सामने आया है कि लगातार बारिश और भवन की जर्जर स्थिति के कारण दीवार कमजोर हो चुकी थी, जिससे यह हादसा हुआ. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और न्यायालय परिसर के पुराने भवनों की स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें : MP News: मोहन सरकार का बड़ा फैसला, 73 स्वास्थ्य केंद्र होंगे अपग्रेड, 2,231 पदों पर होगी भर्ती
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
