Sidhi News: रामपुर नैकिन में बारिश ने मचाई तबाही, बाजार जलमग्न, लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान
Sidhi News: सीधी जिले के रामपुर नैकिन बाजार में बुधवार देर रात हुई भारी बारिश के बाद हालात बिगड़ गए. लगातार बारिश से बाजार की सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गईं और कई जगह बाढ़ जैसे हालात बन गए. जानकारी के मुताबिक, 100 से ज्यादा घरों और 30 से अधिक दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा. गुरुवार सुबह करीब 6 बजे बारिश थमने के बाद पानी धीरे-धीरे कम हुआ, लेकिन कई स्थानों पर सड़कों पर तेज बहाव बना रहा.

मुख्य सड़कों पर आवाजाही हुई बंद
अस्पताल चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा और पुरानी बाजार समेत कई प्रमुख रास्तों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा. पानी का बहाव तेज होने के चलते लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. कुछ लोग सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने के लिए रस्सी और लकड़ियों का सहारा लेते नजर आए. बाजार और आसपास के इलाकों में पानी भरने के कारण सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा.

घरों और दुकानों में रखा सामान खराब
बारिश का पानी घरों और दुकानों के अंदर पहुंचने से खाद्य सामग्री, अनाज, कपड़े और अन्य सामान खराब हो गए. दुकानदारों ने लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है. मामा भांजा गारमेंट्स के संचालक पंकज गुप्ता ने बताया कि उनकी पूरी दुकान पानी में डूब गई, जिससे बड़ी मात्रा में कपड़े खराब हो गए. उन्होंने बताया कि संकरी नालियां और पानी की पर्याप्त निकासी नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर फैल गया.
नगर पंचायत और प्रशासन की टीम मौके पर
नगर पंचायत अध्यक्ष रामकुमार साहू ने बताया कि नदियों और नालों की सफाई पहले कराई गई थी, लेकिन अत्यधिक तेज बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई. उन्होंने बताया कि वह खुद मौके पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और CMO सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं. बारिश रुकने के बाद नगर पंचायत और प्रशासन की टीमों ने पानी निकालने का काम शुरू कर दिया है, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिल सके.
स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की मांग
रामपुर नैकिन में भारी बारिश के बाद स्थानीय लोगों ने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि हर साल तेज बारिश के दौरान बाजार और रिहायशी इलाकों में पानी भरने का खतरा रहता है. ऐसे में नालियों की चौड़ाई बढ़ाने, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने और बारिश के पानी के बेहतर प्रबंधन के लिए स्थायी इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में तेज बारिश से जलभराव, कई इलाकों में 2 से 3 फीट पानी, रातभर परेशान रहे लोग
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
