MP News: मध्य प्रदेश की 3 राज्यसभा सीटों पर सियासी मंथन, बीजेपी जल्द करेगी उम्मीदवारों का ऐलान
MP News: मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। चुनाव आयोग द्वारा 18 जून को मतदान की तारीख घोषित किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ने अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। बीजेपी की ओर से अगले तीन से चार दिनों में उम्मीदवारों के नामों का ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है।
18 जून को मतदान और परिणाम
राज्यसभा की 26 सीटों के लिए देशभर में 18 जून को मतदान होगा। इसी दिन मतगणना और परिणाम भी घोषित किए जा सकते हैं। मध्य प्रदेश की तीन सीटों में दो सीटें वर्तमान में बीजेपी और एक सीट कांग्रेस के पास है, सूत्रों के अनुसार बीजेपी की प्रदेश इकाई ने संभावित उम्मीदवारों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी है। इस बार पार्टी सामान्य वर्ग के किसी वरिष्ठ नेता को राज्यसभा भेजने पर गंभीरता से विचार कर रही है। हालांकि सूची में सभी वर्गों और क्षेत्रों के नेताओं को शामिल किया गया है।

कैलाश विजयवर्गीय सबसे चर्चित नाम
मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का नाम सबसे प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि वे राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के इच्छुक हैं और अपनी इच्छा पार्टी नेतृत्व के सामने रख चुके हैं। सात बार विधायक रह चुके विजयवर्गीय संगठन और सरकार दोनों में लंबे अनुभव वाले नेता हैं।
संघ से जुड़े नाम भी चर्चा में
पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी राज्यसभा की दौड़ में शामिल है। वे छह बार विधायक रह चुके हैं और संगठन के साथ-साथ संसदीय मामलों की गहरी समझ रखते हैं। वहीं पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया लंबे समय से संघ और संगठन से जुड़े रहे हैं, जिससे उनकी दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है, पूर्व लघु उद्योग निगम अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े दीनदयाल शोध संस्थान के अध्यक्ष अभय महाजन और झाबुआ क्षेत्र में लंबे समय से कार्यरत महेश शर्मा के नामों पर भी विचार किया जा रहा है।
आदिवासी वर्ग से कई चेहरे रेस में
आदिवासी प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी और पूर्व सांसद जीएस डामोर के नाम भी चर्चा में हैं। सोलंकी लंबे समय से आदिवासी क्षेत्रों में सक्रिय हैं, जबकि जीएस डामोर पूर्व सांसद और अनुभवी नेता माने जाते हैं, महिला कोटे से पूर्व मंत्री और तीन बार विधायक रह चुकी रंजना बघेल का नाम भी प्रमुखता से सामने आया है। पार्टी सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए महिला उम्मीदवार को भी मौका दे सकती है।
एससी वर्ग से लाल सिंह आर्य की दावेदारी
अनुसूचित जाति वर्ग से बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य का नाम भी केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया है। वे भिंड जिले की गोहद सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं, मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट वर्तमान में कांग्रेस के पास है, जिस पर वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह सांसद हैं। सूत्रों के मुताबिक बीजेपी इस सीट पर उम्मीदवार उतारने के पक्ष में नहीं दिख रही है। पार्टी नेतृत्व ने भी इस विषय पर सार्वजनिक बयानबाजी से बचने की सलाह दी है।
बीजेपी की रणनीति क्यों बदली?
विधानसभा में कांग्रेस के पास 63 विधायक हैं, जबकि राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए 58 वोटों की आवश्यकता है। ऐसे में कांग्रेस की सीट सुरक्षित मानी जा रही है। बीजेपी को तीसरी सीट जीतने के लिए कांग्रेस के कम से कम 10 विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी। यही कारण है कि पार्टी फिलहाल दो सीटों पर जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर फोकस कर रही है।
राज्यसभा चुनाव पर सबकी नजर
अब राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि बीजेपी किन चेहरों पर भरोसा जताती है। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही मध्य प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण और चर्चाएं शुरू होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : Rewa News: यूट्यूबर मनीष पटेल का आपराधिक इतिहास आया सामने, पुलिस ने गिनाए पुराने केस
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
