Sidhi News: सीधी के संजय गांधी कॉलेज में पेपर लीक मामले पर NSUI का प्रदर्शन, दोषियों पर FIR की मांग
Sidhi News: सीधी के शासकीय स्वशासी संजय गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सामने आए पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह परिहार के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन कर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर एफआईआर और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

परीक्षा से पहले वायरल हुआ प्रश्नपत्र
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 3 जून 2026 को बीए और बीकॉम तृतीय वर्ष की ‘English Language and Communication Skills’ परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामला सामने आने के बाद महाविद्यालय प्रशासन को परीक्षा निरस्त करनी पड़ी, छात्रों ने मांग की कि जांच पूरी होने तक परीक्षा नियंत्रक और परीक्षा समिति से जुड़े अधिकारियों को निलंबित किया जाए। साथ ही वर्तमान परीक्षा समिति को भंग कर नई समिति गठित करने और प्रश्नपत्र निर्माण व वितरण प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराई जाए।

यूट्यूब चैनल पर सामग्री मिलने का दावा
एनएसयूआई प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह परिहार ने कहा कि स्वशासी प्रकोष्ठ की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि संबंधित प्रश्नपत्र से जुड़ी सामग्री “Commerce Horizon” नामक यूट्यूब चैनल पर पहले से उपलब्ध थी। इससे प्रश्नपत्र तैयार करने और वितरण प्रक्रिया में शामिल लोगों की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है, छात्र संगठन ने मांग की है कि मामले में शामिल जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही निष्पक्ष जांच के माध्यम से दोषियों को कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सात दिन का अल्टीमेटम
विक्रांत सिंह परिहार ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो एनएसयूआई व्यापक छात्र आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी, प्रदर्शन के दौरान 200 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। छात्रों ने जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और जिम्मेदार अधिकारियों को पद से हटाने की मांग भी दोहराई।
प्राचार्य ने कहा- जांच जारी है
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रभाकर सिंह ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक होने की जानकारी मिलते ही संबंधित परीक्षा को तत्काल निरस्त कर दिया गया था। मामले की सूचना वरिष्ठ कार्यालय को भेज दी गई है और जांच प्रक्रिया जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : Sidhi News: सीधी में बोरी में बंद मिला अज्ञात महिला का जला हुआ शव, पहचान मिटाने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
