CG News: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को नई पहचान, CM साय ने लॉन्च किया नया लोगो और गिनाईं विकास योजनाएं
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने मंडल की भावी योजनाओं और राज्य में आवास एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला।

आवास मेले के विजेताओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 के आवास मेले में संपत्ति खरीदने वाले हितग्राहियों के लिए आयोजित लकी ड्रॉ के विजेताओं को सम्मानित किया गया। विजेताओं को कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और एलईडी टीवी जैसे पुरस्कार प्रदान किए गए। सारंगढ़ निवासी पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार प्रदान की गई, मुख्यमंत्री ने मंडल के नए लोगो का डिजाइन तैयार करने वाले अंशुल कश्यप को विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्हें उनकी रचनात्मकता और योगदान के लिए पुरस्कार राशि प्रदान की गई तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
पक्का मकान पहुंचाने की दिशा में प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं का घर हर परिवार की महत्वपूर्ण आवश्यकता और सपना होता है। राज्य सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को आवास योजनाओं का लाभ मिल सके, सरकार के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में गृह निर्माण मंडल ने संपत्तियों के विक्रय के माध्यम से बेहतर राजस्व अर्जित किया है। इससे संस्था की वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है और अब यह आवास निर्माण के साथ-साथ अधोसंरचना विकास के बड़े प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर सकेगी।

डिजिटल सेवाओं से बढ़ रही सुविधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि शासन नागरिकों तक सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का विस्तार कर रहा है। विभिन्न सरकारी सेवाएं अब ऑनलाइन और मोबाइल माध्यमों से उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों का समय और संसाधन दोनों बच रहे हैं, राज्य में सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने से बिजली खर्च कम करने के साथ-साथ अतिरिक्त ऊर्जा उत्पादन का लाभ भी नागरिकों को मिल रहा है।
अधोसंरचना विकास को मिलेगी नई रफ्तार
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मंडल को नए स्वरूप में विकसित कर इसकी जिम्मेदारियों का दायरा बढ़ाया गया है। आने वाले समय में मांग आधारित और व्यवहारिक परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, सरकार का उद्देश्य केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर अधोसंरचना, पारदर्शी व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से राज्य के समग्र विकास को गति देना भी है। नए स्वरूप में मंडल प्रदेश की विकास यात्रा में अहम भूमिका निभाएगा।
यह भी पढ़ें : CG News: अमित शाह से मिले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बस्तर में हो रहे विकास कार्यों की दी जानकारी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
