Rewa News: शासकीय स्कूलों की 450 बंडल किताबें गायब, 35 लाख से ज्यादा के फर्जीवाड़े की जांच शुरू
Rewa News: रीवा में शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को वितरित की जाने वाली नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों के वितरण में बड़ी अनियमितता सामने आई है. पाठ्य पुस्तक निगम के गोदाम से करीब 450 बंडल किताबें गायब मिली हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इन पुस्तकों की अनुमानित कीमत 35 से 36 लाख रुपये बताई जा रही है. मामले के सामने आने के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों में हलचल तेज हो गई है.

स्टॉक मिलान में खुला मामला
जानकारी के अनुसार, हाल ही में शासकीय विद्यालयों में पुस्तकों के वितरण को लेकर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं. इसके बाद कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के निर्देश पर गोदाम के स्टॉक का मिलान कराया गया. जांच के दौरान रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर मिला, जिसमें 450 बंडल किताबें गायब पाई गईं.

खुले बाजार में बिक्री की भी शिकायत
सूत्रों के मुताबिक, जिन पुस्तकों को सरकारी स्कूलों तक पहुंचना था, वे कई विद्यालयों में नहीं मिलीं. वहीं, इन पुस्तकों के खुले बाजार में बिकने की शिकायतें भी सामने आई हैं. जांच के दौरान कुछ ऐसी किताबें भी गोदाम में मिलीं, जिन्हें रिकॉर्ड में पहले ही वितरित या समाप्त दर्शाया जा चुका था. फिलहाल इन तथ्यों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी.
भोपाल से पहुंची जांच टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल से अधिकारियों की विशेष टीम रीवा पहुंची है. टीम गोदाम के स्टॉक, वितरण रजिस्टर, अभिलेखों और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है. अधिकारियों को आशंका है कि जांच के दौरान अन्य अनियमितताएं भी सामने आ सकती हैं.
एफआईआर दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
चोरहटा थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि पाठ्य पुस्तक निगम के गोदाम से 450 बंडल किताबें गायब होने की शिकायत मिली है, जिनकी अनुमानित कीमत 35 से 36 लाख रुपये है. पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: लोही ब्रिज के पास कथित अवैध शराब बिक्री का वीडियो सामने आया, पुलिस ने शुरू की जांच
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
