CG News: जहरीली शराब पर छत्तीसगढ़ में सख्ती, 701 दुकानों में हर बोतल की होगी जांच
CG News: मध्यप्रदेश के सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद छत्तीसगढ़ में आबकारी विभाग ने निगरानी और कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं. प्रदेश की 701 शराब दुकानों में अधिकारियों को जाकर जांच करने के लिए कहा गया है. जांच के दौरान दुकानों में मौजूद शराब की बोतल, अद्धी और पौवा तक की पड़ताल की जाएगी. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी दुकान पर संदिग्ध या अवैध शराब की बिक्री न हो.
701 शराब दुकानों में होगी जांच
आबकारी अधिकारियों को राज्य की सभी देशी और विदेशी मदिरा दुकानों का नियमित और अचानक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं. जांच में यह देखा जाएगा कि दुकानों में नॉन-ड्यूटी पेड शराब, अवैध शराब, मिलावटी शराब या किसी तरह की संदिग्ध शराब तो मौजूद नहीं है. विभाग ने साफ किया है कि लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

जंगल और जलस्रोतों पर भी रहेगी नजर
अवैध कच्ची शराब के निर्माण को रोकने के लिए दुर्गम इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई जाएगी. जंगल, वनांचल और जलस्रोतों के आसपास के ऐसे स्थानों को चिन्हित कर गश्त की जाएगी, जहां अवैध शराब बनने की आशंका रहती है. यदि किसी जगह कच्ची शराब बनाने का सामान या अन्य सामग्री मिलती है, तो उसे नष्ट करने के साथ आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं.
अवैध स्पिरिट के स्रोत तक पहुंचने की कोशिश
आबकारी विभाग ने अवैध स्पिरिट की उपलब्धता और उसके इस्तेमाल पर भी विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों को यह पता लगाने के लिए कहा गया है कि कहीं स्पिरिट का इस्तेमाल अवैध शराब बनाने में तो नहीं किया जा रहा. इसके साथ ही स्पिरिट कहां से आ रही है और उसके मूल स्रोत तक कैसे पहुंचा जा सकता है, इसकी भी जांच की जाएगी. रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट, होटल-ढाबों और सीमावर्ती जांच चौकियों पर भी निगरानी बढ़ाई जाएगी.
संदिग्ध शराब के नमूनों की होगी जांच
जांच के दौरान जब्त की जाने वाली शराब के नमूने राज्य स्तरीय रासायनिक प्रयोगशाला, आबकारी छत्तीसगढ़ भेजे जाएंगे. खास तौर पर संदिग्ध या जहरीली शराब के मामलों में रासायनिक जांच कराई जाएगी, ताकि शराब की वास्तविक प्रकृति सामने आ सके. आबकारी विभाग का मकसद सागर जैसी घटना की पुनरावृत्ति रोकना है, इसलिए जिलों में आबकारी अमले को तत्काल प्रभाव से प्रभावी और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें : CG News: साजा के 3 शिक्षकों का गौरव बढ़ा, मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण में मिलेगा शिक्षा दूत पुरस्कार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
