Rewa News: चलने में असमर्थ कैंसर पीड़ित को झोली में लादकर जनसुनवाई पहुंचे परिजन, बड़े भाई के परिवार पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार शाम जनसुनवाई के दौरान एक बेहद भावुक और हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई, कैंसर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे और चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ संदीप चतुर्वेदी को उनकी पत्नी राजकुमारी और परिवार के अन्य सदस्य झोली में डालकर अधिकारियों के सामने पहुंचे, बीमारी और पारिवारिक कलह से टूट चुका यह परिवार न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाने कलेक्ट्रेट पहुंचा था.
बड़े भाई के परिवार पर गंभीर आरोप
संदीप की पत्नी राजकुमारी चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि उनके जेठ का परिवार उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहा है, उनके पति के साथ कई बार मारपीट की गई और उन पर फर्जी एफआईआर भी दर्ज कराई गई है, प्रताड़ना से तंग आकर संदीप एक बार छत से कूदकर जान देने की कोशिश भी कर चुके हैं, परिजनों का कहना है कि गुढ़ थाने में बार-बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
पुश्तैनी घर से बेदखल करने की साजिश
पीड़ित संदीप ने बताया कि ग्राम महसांव में उनका पुश्तैनी मकान है, लेकिन बड़े भाई का परिवार उन्हें जबरन घर से बाहर निकालना चाहता है, इसी विवाद के चलते रोज-रोज मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है, घर से बेदखल किए जाने के बाद बेघर हुए पीड़ित अपने सारे गृहस्थी के सामान के साथ सीधे कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे ताकि प्रशासन उनकी सुध ले सके.
गुढ़ पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल
जनसुनवाई में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित की बात सुनने के बाद उन्हें फिर से संबंधित थाने में जाकर शिकायत करने की सलाह दी, हालांकि परिजनों का साफ कहना था कि वे गुढ़ थाने के कई चक्कर काट चुके हैं और हर बार आवेदन देने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई, पुलिस की इसी ढिलाई की वजह से उन्हें गंभीर बीमारी की हालत में जनसुनवाई का रुख करना पड़ा.
प्रशासन से मांगी सुरक्षा और आवास का अधिकार
कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जंग लड़ रहे संदीप और उनके परिवार ने जिला प्रशासन से पुश्तैनी घर में सुरक्षित रहने का अधिकार दिलाने और प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, कलेक्ट्रेट पहुंचे इस परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था, अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस लाचार परिवार को न्याय दिला पाता है या नहीं.
यह भी पढ़ें : MP News: उज्जैन में इंदौर जा रही बस में टायर फटने से लगी भीषण आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










