Sidhi News: सतना-रीवा से रामपुर नैकिन तक दैनिक मेमू ट्रेन चलाने का प्रस्ताव, पश्चिम मध्य रेलवे ने रेलवे बोर्ड को भेजी समय-सारिणी
Sidhi News: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में रेल कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है, ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के तहत रामपुर नैकिन तक रेल लाइन का ट्रायल सफल होने के बाद अब पश्चिम मध्य रेलवे ने सतना से रीवा होते हुए रामपुर नैकिन तक दैनिक मेमू (MEMU) ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है, रेलवे के क्षेत्रीय परिचालन स्तर पर इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल चुकी है और अब अंतिम मंजूरी का इंतजार है.

सुबह 9:15 बजे सतना से रवाना होगी
प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार यह नई मेमू ट्रेन प्रतिदिन सुबह 9:15 बजे सतना जंक्शन से रवाना होगी, रास्ते में कैमा, सकरिया, हिनौता रामबन, बघाई रोड और तुरकी रोड जैसे छोटे स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए सुबह 10:25 बजे रीवा पहुंचेगी, इसके बाद रीवा से 10:35 बजे आगे बढ़कर सिलपरा, गोविंदगढ़ और बघवार होते हुए दोपहर 12:30 बजे रामपुर नैकिन पहुंचेगी.

दोपहर 3:30 बजे होगी वापसी की रवानगी
रामपुर नैकिन से वापसी के सफर के लिए भी समय तय कर लिया गया है, ट्रेन दोपहर 3:30 बजे रामपुर नैकिन से रवाना होगी और सभी निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 7:15 बजे वापस सतना पहुंचेगी, इस यात्री सेवा को सुचारू रूप से चलाने के लिए 8 मेमू रैकों यानी कोचों का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिससे दैनिक यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा होगी.
चुरहट तक स्पीड ट्रायल पूरा
ललितपुर-सिंगरौली परियोजना के अंतर्गत रामपुर नैकिन से आगे चुरहट तक अगस्त 2026 में ही इंजन और स्पीड ट्रायल की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है, हालांकि शुरुआती चरण में प्रस्तावित ट्रेन केवल रामपुर नैकिन तक ही चलाई जाएगी, लेकिन प्रशासनिक और संरक्षा स्वीकृतियां मिलते ही भविष्य में इस मेमू ट्रेन सेवा का विस्तार चुरहट तक किए जाने की पूरी संभावना है.
सीधी जिला मुख्यालय को रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम जारी
सीधी जिला मुख्यालय तक पहली बार ट्रेन पहुंचाने के लिए रेलवे द्वारा निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, चुरहट से सीधी के बीच पटरी बिछाने और इंफ्रास्ट्रक्चर का काम पूरा होने के बाद रेलवे संरक्षा आयुक्त (CRS) द्वारा आवश्यक निरीक्षण किया जाएगा, सभी जरूरी अनुमतियां मिलते ही इस मेमू ट्रेन को सीधी जिला मुख्यालय तक बढ़ा दिया जाएगा, जिससे पूरे विंध्य अंचल को सीधा रेल लाभ मिलेगा.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा जेल से रिहा हुए यूट्यूबर ‘पोक्कभान’, बाहर आते ही बनाया वीडियो, दोबारा जेल जाने की जताई आशंका
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










