CG News: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना के दूसरे चरण का ऐलान, 85 आदिवासी ब्लॉकों के 4,368 गांवों तक पहुंचेगी बस
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना’ को और अधिक व्यापक बनाने का बड़ा फैसला लिया है. योजना के दूसरे चरण के तहत राज्य के 8 नए जिलों के अनुसूचित क्षेत्रों में आने वाले 85 आदिवासी विकासखंडों को शामिल किया जाएगा. इस विस्तार से परिवहन सुविधा से वंचित 4,368 दूरस्थ गांवों को सीधा जोड़ा जाएगा.
![]()
14.50 लाख से अधिक ग्रामीणों को मिलेगी सीधी सुविधा
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि चालू वर्ष के दिसंबर महीने तक इन सभी चयनित ग्रामीण मार्गों पर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाए. योजना के इस चरण में 60 से 80 नई बसें चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. इस फैसले से प्रदेश के लगभग 14.57 लाख से अधिक आदिवासियों और ग्रामीणों को आवागमन की सुगम सुविधा मिलेगी, दूसरे चरण में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बालोद, गरियाबंद, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, रायगढ़, कोरबा और धमतरी जिलों के सुदूर क्षेत्रों को जोड़ा जाएगा. इससे ग्रामीणों को उच्च शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार, हाट-बाजार और प्रशासनिक कार्यों के लिए ब्लॉक व जिला मुख्यालय तक पहुंचने में काफी आसानी होगी.

एक साल में 850 गांवों तक पहुंची 107 बसें
उल्लेखनीय है कि इस योजना की शुरुआत 4 अक्टूबर 2025 को जगदलपुर से हुई थी. पिछले एक वर्ष में योजना का विस्तार करते हुए बस्तर और सरगुजा संभाग के 106 चुनिंदा रूटों पर 107 बसों का सफल संचालन किया जा रहा है. इन बसों के माध्यम से अब तक 850 ऐसे गांवों तक बस सेवा पहुंच चुकी है, जहां स्वतंत्रता के बाद से अब तक कोई यात्री बस नहीं पहुंची थी, योजना के एक वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सुदूर अंचलों में रहने वाले नागरिकों को भी विकास के समान अवसर मिलने चाहिए. कोंटा-जगरगुंडा जैसे अत्यंत संवेदनशील 83 किमी लंबे मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से तस्वीर बदली है. उन्होंने कहा कि यह महज एक परिवहन सेवा नहीं, बल्कि दूरस्थ अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का सशक्त माध्यम है.
यह भी पढ़ें : CG News: राजनांदगांव में छत्तीसगढ़ व्यापमं की परीक्षा आयोजित, 62 सेंटर्स पर दो लेयर की सुरक्षा में शामिल हुए हजारों परीक्षार्थी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










