CG News: छत्तीसगढ़ GST विभाग की बड़ी कार्रवाई, 53 करोड़ की फर्जी बिलिंग करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
CG News: छत्तीसगढ़ राज्य GST विभाग ने फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के कथित घोटाले का खुलासा किया है. विशेष जांच अभियान के दौरान विभाग ने इस मामले के मुख्य आरोपी विजय कुमार यादव को गिरफ्तार किया. आरोपी को अदालत में पेश किए जाने के बाद 3 अगस्त 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. विभाग का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों और कंपनियों की भी जांच जारी है, जांच में सामने आया कि आरोपी ने माया स्टील एंड एंटरप्राइज और मायरा स्टील एंटरप्राइजेज के नाम से दो फर्मों का संचालन किया. इन कंपनियों के माध्यम से करीब 53 करोड़ रुपये के फर्जी टैक्स इनवॉयस जारी किए गए. आरोप है कि इनके जरिए लगभग 9.54 करोड़ रुपये का बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट, यानी ITC, अलग-अलग फर्मों तक पहुंचाया गया.
फर्जी ITC से सरकारी राजस्व को नुकसान
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने बंद हो चुकी और संदिग्ध फर्मों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर इनपुट टैक्स क्रेडिट हासिल किया. वास्तविक कारोबार किए बिना केवल कागजी लेनदेन दिखाकर टैक्स देनदारियों का समायोजन किया गया. इससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान होने की आशंका जताई गई है, GST विभाग की जांच में पता चला कि 10 ऐसी फर्मों से करीब 6.13 करोड़ रुपये का फर्जी ITC लिया गया, जिनका GST पंजीकरण पहले ही रद्द किया जा चुका था या जिनका आपसी संबंध पाया गया. इसके अलावा पंजाब समेत अन्य राज्यों की 9 संदिग्ध और अस्तित्वहीन कंपनियों के जरिए भी लगभग 1.99 करोड़ रुपये का फर्जी टैक्स क्रेडिट प्राप्त किया गया.
रिटर्न फाइलिंग में भी मिला बड़ा अंतर
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि वास्तविक खरीद के बिना ही GSTR-2B और GSTR-3B के आंकड़ों में बड़ा अंतर दिखाया गया. आरोप है कि करीब 1.41 करोड़ रुपये का अतिरिक्त इनपुट टैक्स क्रेडिट नियमों के विपरीत दावा किया गया, जिससे टैक्स प्रणाली का गलत फायदा उठाया गया, GST विभाग का कहना है कि आरोपी ने फर्जी ITC का लाभ खुद लेने के साथ-साथ अन्य कंपनियों तक भी पहुंचाया. अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों, फर्मों और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच की जा रही है. विभाग ने साफ किया है कि फर्जी बिलिंग, टैक्स चोरी और बोगस ITC के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें : CG News: मुख्य सचिव विकासशील ने सचिवों के साथ की समीक्षा बैठक, योजनाओं की प्रगति और प्रशासनिक कार्यों को लेकर दिए अहम निर्देश
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
