CG News: मीडिया अधिकारियों का राष्ट्रीय सम्मेलन, फेक न्यूज और AI चुनौतियों से निपटने पर जोर
CG News: चुनाव प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग ने नई दिल्ली में मीडिया एवं संचार अधिकारियों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया. इस सम्मेलन में देशभर के अधिकारियों को डिजिटल युग की चुनौतियों, फेक न्यूज और आधुनिक चुनावी संचार से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया.

नई दिल्ली में जुटे देशभर के अधिकारी
नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट, यानी आईआईआईडीईएम में आयोजित इस एक दिवसीय सम्मेलन में 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 260 से अधिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया. छत्तीसगढ़ से भी चुनाव और जनसंपर्क विभाग के अधिकारी, साथ ही सभी 33 जिलों के जिला जनसंपर्क अधिकारी सम्मेलन में शामिल हुए.
फेक न्यूज पर सतर्क रहने की सलाह
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग की सभी प्रक्रियाएं संविधान और चुनावी कानूनों के अनुसार संचालित होती हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और फर्जी जानकारियों पर नजर रखने और समय पर सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने में मीडिया अधिकारियों की अहम भूमिका बताई. उन्होंने हाल के विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर जनता के भरोसे का प्रमाण भी बताया.
AI और डीपफेक बनी नई चुनौती
चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीपफेक और भ्रामक डिजिटल कंटेंट चुनावी प्रक्रिया के लिए नई चुनौतियां बनकर सामने आए हैं. उन्होंने अधिकारियों से आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इनसे प्रभावी तरीके से निपटने और युवाओं को चुनावी साक्षरता कार्यक्रमों से जोड़ने पर जोर दिया.
संचार रणनीति पर मिला प्रशिक्षण
सम्मेलन के दौरान मतदाता सूची प्रबंधन, मतदान और मतगणना प्रक्रिया, मीडिया प्रबंधन, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और अफवाहों से निपटने जैसे विषयों पर तकनीकी और व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए. अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन भी कराया गया, कार्यक्रम में हाल ही में चुनाव कराने वाले राज्यों के अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और प्रभावी जनसंचार की रणनीतियों पर चर्चा की. सम्मेलन का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने चुनाव प्रबंधन और मीडिया समन्वय से जुड़े विभिन्न सवालों के जवाब प्राप्त किए.
यह भी पढ़ें : CG News: तूता में अतिक्रमण को लेकर NRDA का बड़ा बयान, विस्थापन की खबरों का किया खंडन
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
