MP News: बालाघाट में कुपोषण और बीमारी पर बड़ा प्रहार, 5 आदिवासी ब्लॉकों में 400 करोड़ से होंगे विकास कार्य
MP News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के जिन आदिवासी इलाकों में कुपोषण और बीमारी से बच्चों की मौत के दुखद मामले सामने आए थे, वहां अब बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम शुरू हो गया है. राज्य सरकार ने किरनापुर, बिरसा, लांजी, बैहर और परसवाड़ा ब्लॉकों में 1,500 विकास कार्यों के लिए 400 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है.
मुख्य सचिव कर रहे मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल इस पूरे मेगा प्रोजेक्ट की सीधी मॉनिटरिंग कर रहे हैं. इस बहुआयामी योजना को जमीन पर उतारने के लिए 13 अलग-अलग सरकारी विभाग मिलकर काम करेंगे. जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा विभागों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
सड़कों और पुलियों के निर्माण पर खर्च होंगे 269 करोड़
योजना के तहत आवागमन की सुविधा बेहतर करने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से सबसे ज्यादा राशि खर्च की जाएगी. पांचों ब्लॉकों में 151 नई सड़कों और सीसी रोड के निर्माण पर 268.94 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसके अलावा 69 पुल-पुलियों के लिए 34 करोड़ और 60 स्टॉप डैम के लिए 36 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
20 से ज्यादा नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर और हेल्थ सेंटर
स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए पांचों ब्लॉकों में 20 से अधिक नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर और उपस्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का निर्माण किया जाएगा. स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए इन केंद्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति हेतु सोलर पैनल भी स्थापित किए जाएंगे.
नल-जल और पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था
डोंगरगांव, बोंदारी, कोंडेकसा, मछरदा, मातला और कोरका जैसे बैगा-गोंड बहुल गांवों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी पीएचई (PHE) विभाग को दी गई है. किरनापुर और लांजी में नल-जल योजना का काम पूरा कर लिया गया है, वहीं दूरस्थ गांवों में पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं.
यह भी पढ़ें : MP News: मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 31 जनवरी तक पूरा होगा पहली से 8वीं का सिलेबस, राज्य शिक्षा केंद्र ने जारी किए निर्देश
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










