MP News: मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 31 जनवरी तक पूरा होगा पहली से 8वीं का सिलेबस, राज्य शिक्षा केंद्र ने जारी किए निर्देश
MP News: मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 8वीं तक के छात्र-छात्राओं का पाठ्यक्रम इस शैक्षणिक सत्र (2026-27) में 31 जनवरी तक पूरा कराया जाएगा. राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल ने प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों के लिए यह विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि बच्चों की पढ़ाई समय पर पूरी हो सके.

जनगणना कार्य के कारण लिया फैसला
यह महत्वपूर्ण निर्णय आगामी 1 फरवरी से शुरू होने वाले राष्ट्रीय जनगणना के दूसरे चरण को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में शिक्षकों की व्यापक ड्यूटी और सीधी भागीदारी रहेगी. ऐसे में बच्चों की पढ़ाई और वार्षिक परीक्षा की तैयारियां प्रभावित न हों, इसलिए समय से पहले सिलेबस पूरा कराने को प्राथमिकता दी गई है.
4 माह में पूरा कराना होगा बकाया सिलेबस
राज्य शिक्षा केंद्र ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और जिला परियोजना समन्वयकों (DPC) को कड़े निर्देश दिए हैं. अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने-अपने जिलों के स्कूलों में योजना बनाकर अगले चार महीनों के भीतर बचा हुआ पूरा पाठ्यक्रम हर हाल में समाप्त कराना सुनिश्चित करें.
जरूरत पड़ने पर टाइम-टेबल में बदलाव के निर्देश
जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि यदि आवश्यक हो तो शालाओं (स्कूलों) की दैनिक समय-सारणी (टाइम-टेबल) में संशोधन या अतिरिक्त समय जोड़कर 1 फरवरी से पहले सिलेबस पूरा कराया जाए. इसके साथ ही जनगणना अवधि के दौरान भी स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हों, इसके लिए पूर्व प्रशासनिक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं.
सिर्फ कोर्स पूरा नहीं, दक्षताओं पर भी रहेगा जोर
राज्य शिक्षा केंद्र ने अधिकारियों को हिदायत दी है कि 31 जनवरी तक केवल औपचारिकता के लिए पाठ्यक्रम पूरा न कराया जाए, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थियों ने अपनी कक्षा के अनुसार अपेक्षित दक्षताएं (Learning Outcomes) हासिल कर ली हों. इसके बाद तय समय पर छात्र-छात्राओं का वार्षिक मूल्यांकन भी कराया जाएगा.
यह भी पढ़ें : MP Weather: मध्य प्रदेश से पूरी तरह विदा हुआ मानसून, रात का पारा गिरा तो दिन में बढ़ा तापमान
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










