Rewa News: रीवा में नागपंचमी पर दो लोग नदी में बहे, SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Rewa News: रीवा जिले में नागपंचमी के दिन दो अलग-अलग घटनाओं में एक किशोर और एक युवक नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए. पहली घटना गुढ़ थाना क्षेत्र के इटार के पास बिछिया नदी की है, जबकि दूसरी घटना त्योथर क्षेत्र के चिल्ला घाट पर टमस नदी में हुई. दोनों घटनाओं के बाद SDRF की टीमों ने तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन मंगलवार तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका.

बिछिया नदी में बहा 14 वर्षीय किशोर
गुढ़ थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय शिवा रावत, निवासी गांगनिवा देवतालाब, बिछिया नदी के तेज बहाव में बह गया. बताया गया कि नागपंचमी के मौके पर वह नदी के पास गया था और पुल से गुजरते समय उसका पैर फिसल गया. इसके बाद वह उफनती नदी में जा गिरा और पानी के तेज बहाव में देखते ही देखते लापता हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की गई.

टमस नदी में युवक हुआ लापता
दूसरी घटना त्योथर के चिल्ला घाट की बताई जा रही है. यहां 18 वर्षीय साहिल अंसारी, निवासी खर्रा टोला मऊगंज, अपने एक साथी के साथ टमस नदी में नहाने गया था. इसी दौरान नदी के तेज बहाव ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. उसका साथी किसी तरह पानी से बाहर निकल आया, लेकिन साहिल बहाव के साथ दूर चला गया और उसका पता नहीं चल सका.
मंगलवार को दिनभर चला रेस्क्यू
दोनों घटनाओं की सूचना के बाद SDRF की टीमों ने बिछिया और टमस नदी में अलग-अलग सर्च ऑपरेशन चलाया. टीमों ने संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन तेज बहाव और नदी में अधिक पानी होने के कारण रेस्क्यू में मुश्किलें आईं. कई घंटे तक अभियान चलाने के बावजूद दोनों लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिला. अंधेरा बढ़ने के बाद मंगलवार शाम अभियान रोक दिया गया.
बुधवार सुबह फिर शुरू हुई तलाश
बुधवार सुबह SDRF की टीमों ने दोनों नदियों में दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया. गोताखोरों की मदद से नदी के संभावित हिस्सों में तलाश की जा रही है और बहाव की दिशा में भी सर्चिंग की जा रही है. दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में चिंता का माहौल है और परिजन लापता किशोर और युवक के मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में मिठाई फैक्ट्री पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, मैदे से मिठाई बनाने का आरोप
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
