Rewa News: रीवा में टाटा पावर के न्यूक्लियर प्लांट का भारी विरोध, ग्रामीणों के हंगामे के बाद बैरंग लौटीं बोरिंग मशीनें
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सिरमौर क्षेत्र में प्रस्तावित टाटा पावर के न्यूक्लियर पावर प्लांट (परमाणु बिजली संयंत्र) को लेकर विरोध की आग तेज हो गई है. शनिवार शाम ग्राम पंचायत सरई कला के रोझौही गांव में मिट्टी परीक्षण और बोरहोल करने पहुंची कंपनी की 2 बोरिंग मशीनों को ग्रामीणों के भारी विरोध के बाद वापस लौटना पड़ा.

100 मीटर गहराई तक होने थे 8 बोरहोल
एमएस फुग्रो कंपनी की टीम टाटा पावर के प्रस्तावित परमाणु संयंत्र की प्रारंभिक सर्वे प्रक्रिया के तहत जमीन की जांच करने पहुंची थी. कंपनी को रोझौही में कुल 8 बोरहोल करने थे, जिनमें 4 बोरहोल करीब 100 मीटर और 4 बोरहोल 50 मीटर गहराई तक किए जाने थे. लेकिन मशीनें पहुंचते ही ग्रामीण मौके पर एकजुट हो गए और काम रुकवा दिया.
ग्राम सभा की असहमति के बावजूद पहुंचीं मशीनें
ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाते हुए कहा कि कलेक्टर के आदेश के खिलाफ ग्राम सभा पहले ही सर्वसम्मति से असहमति का प्रस्ताव पारित कर चुकी है. इसकी लिखित सूचना सरपंच और सचिव द्वारा शासन-प्रशासन को दी जा चुकी है. असहमति के बावजूद पंचायत क्षेत्र में जांच मशीनें पहुंचने पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला.
जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा की मांग
स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का दावा है कि रोझौही सहित आसपास के करीब 100 गांवों के लोग अपनी जमीन, जल और भविष्य को लेकर चिंतित हैं और इस परियोजना के पूरी तरह खिलाफ हैं. ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के लिए उनका यह विरोध आगे भी जारी रहेगा.
बिना जन-सुनवाई प्रक्रिया आगे बढ़ाने से बढ़ा विवाद
सामाजिक कार्यकर्ता शिवानन्द द्विवेदी और स्थानीय निवासियों ने कहा कि ग्रामीणों के सवालों और आपत्तियों का समाधान किए बिना जबरन प्रक्रिया आगे बढ़ाने से क्षेत्र में विवाद और बढ़ सकता है. विरोध प्रदर्शन के बाद दोनों मशीनों को काम बंद कर वापस लौटना पड़ा. फिलहाल इस मामले में कंपनी और स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है.
यह भी पढ़ें : MP News: अमित शाह के भोपाल दौरे के बीच गरमाई मध्य प्रदेश की राजनीति, PCC चीफ जीतू पटवारी ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










