CG News: भाजपा की समीक्षा बैठक में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह का संदेश, बोले- मेहनत करने वालों को मिलेगा पद
CG News: छत्तीसगढ़ प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की समीक्षा बैठक में शिरकत की. बैठक के दौरान शांत और गंभीर मुद्रा में रहे कर्मवीर सिंह की पैनी नजरें एक-एक पदाधिकारी के व्यवहार और कार्यशैली पर टिकी रहीं. बैठक के बाद वे झारखंड के नए संगठन महामंत्री पवन साय के साथ रांची के लिए रवाना हो गए.

‘सही समय पर मिलेगा सम्मान’
बैठक को संबोधित करते हुए कर्मवीर सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी में मेहनत करने वाले हर कार्यकर्ता की पहचान होती है. उन्होंने कहा कि जिन्हें वर्तमान में कोई पद नहीं मिला है, उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है; पार्टी सबकी गतिविधियों को देख रही है और सही समय आने पर निष्ठावान कार्यकर्ताओं को उचित पद व जिम्मेदारी देकर सम्मानित किया जाएगा, संगठन महामंत्री ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा सत्ता के जरिए समाज में बदलाव लाती है और सेवा भाव से जनता तक पहुंचती है. उन्होंने कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए राहत कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के मूल मंत्र को अपनाकर कार्यकर्ताओं को 2028 के आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटना होगा.
2 करोड़ दीयों का रिकॉर्ड
बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और अभियान प्रभारी यशवंत जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ में लगभग 2 करोड़ दीये जलाए गए, जो अपने आप में एक नया कीर्तिमान है. इस अभियान के माध्यम से लाखों परिवारों और लाभार्थियों से सीधा संपर्क साधा गया है, बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय ने किया. इस अवसर पर महाराष्ट्र के प्रदेश संगठन महामंत्री अजय जामवाल, झारखंड के संगठन महामंत्री पवन साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी सहित भाजपा कोर कमेटी के सदस्य, जिला प्रभारी और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ में SIR प्रक्रिया फिर तेज, 19.13 लाख अनुपस्थित व स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन करने घर-घर पहुंचेंगे BLO
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










