CG News: जशपुर में ‘आशीर्वाद का एक दीया’ कार्यक्रम, 5 लाख दीपों के लक्ष्य के साथ सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जशपुर जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई. अभियान के पहले दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का एक दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ. जिले में करीब 5 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया था. रणजीता स्टेडियम सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, विकासखंडों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में भाग लिया.

रणजीता स्टेडियम में जले 65 हजार से ज्यादा दीप
जशपुर शहर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 65 हजार से अधिक दीप जलाए गए. विधायक रायमुनी भगत, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीप प्रज्ज्वलित किए. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया. दीपों से प्रधानमंत्री आवास योजना की आकृति बनाकर ‘5,16,50,297 आवास राष्ट्र को समर्पित’ का संदेश भी प्रदर्शित किया गया.

1.40 लाख से ज्यादा महिलाओं की भागीदारी
‘आशीर्वाद का एक दीया’ कार्यक्रम में शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की भी बड़ी भागीदारी रही. जिले के स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 1 लाख 40 हजार से अधिक महिलाओं ने अपने घरों में दीप जलाकर अभियान का हिस्सा बनीं. जशपुर में 12 हजार से ज्यादा स्व-सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे कृषि सखी, पशु सखी, मुद्रा लोन और अन्य गतिविधियों से जुड़ी महिलाएं शामिल हैं.

बगिया में योजनाओं को दीपों से किया प्रदर्शित
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह ग्राम बगिया में भी विशेष दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम हुआ. यहां श्रीराम मंदिर, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को दीपों से आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया गया. मनोरा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और सन्ना में ‘पीएम जनमन’ की थीम पर दीप सजाए गए. बगिया में स्थानीय महिलाओं ने दीप जलाकर और केक काटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की.
17 अक्टूबर तक जारी रहेगा सेवा संकल्प अभियान
जशपुर जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा. अभियान के तहत स्कूली बच्चों के लिए भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. इसके अलावा पौधरोपण, स्वच्छता जागरूकता, जिला प्रदर्शनी, सड़क सुरक्षा सप्ताह, बाइक रैली, रक्तदान शिविर, नशामुक्ति अभियान और मतदाता जागरूकता जैसी गतिविधियां भी होंगी. प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के जरिए विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाना और विकसित भारत @2047 के संकल्प से लोगों को जोड़ना है.
यह भी पढ़ें : CG News: 19,500 KM पैदल चलकर भारत को समझ रहे सौरभ, 7 अक्टूबर को रायपुर में पूरा करेंगे 20 हजार KM
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
