MP News: कूनो नेशनल पार्क में 4 नए चीता शावकों का जन्म, भारत में जन्मे चीतों की बढ़ी संख्या
MP News: प्रोजेक्ट चीता के चार साल पूरे होने के एक दिन बाद कूनो नेशनल पार्क से बड़ी खुशखबरी सामने आई है. 18 सितंबर को भारत में जन्मी मादा चीता KGP12 ने चार शावकों को जन्म दिया. केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी साझा की और इसे चीता संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.

कूनो में चीतों की संख्या बढ़कर 53 हुई
चार नए शावकों के जन्म के बाद कूनो नेशनल पार्क में चीतों की कुल संख्या 53 हो गई है. इनमें 37 चीते भारत में जन्मे हैं. KGP12 का भारत में जन्म लेना और अब खुद शावकों को जन्म देना प्रोजेक्ट चीता के लिए खास महत्व रखता है, क्योंकि यह भारत में जन्मे चीतों के प्राकृतिक प्रजनन की प्रक्रिया आगे बढ़ने का संकेत माना जा रहा है.
चार महीने पहले इसी मादा के शावकों की हुई थी मौत
खास बात यह है कि करीब चार महीने पहले इसी मादा चीता KGP12 के चार शावकों की मौत हो गई थी. 11 अप्रैल 2026 को जन्मे इन शावकों की 12 मई को मौत हुई थी. वन विभाग के अनुसार शावकों के शव आंशिक रूप से खाए हुए मिले थे और किसी जंगली जानवर के हमले या शिकार की आशंका जताई गई थी. हालांकि KGP12 पूरी तरह सुरक्षित थी.
प्रोजेक्ट चीता के लिए बताया गया खास पल
पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने नए शावकों के जन्म को “चार साल, चार नए जीवन” के रूप में बताया. उन्होंने इसे भारत में चीता संरक्षण के बढ़ते प्रयासों और संकल्प का प्रतीक बताया. कूनो और प्रोजेक्ट चीता से जुड़े पूरे परिवार को उन्होंने इस उपलब्धि पर बधाई दी. CCF उत्तम कुमार शर्मा ने भी शावकों के जन्म की जानकारी दी.
CM मोहन यादव ने भी जताई खुशी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चार नए शावकों के जन्म पर खुशी जताते हुए इसे मध्यप्रदेश और प्रोजेक्ट चीता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कूनो नेशनल पार्क की टीम और अभियान से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी. वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चार साल पहले शुरू हुआ प्रोजेक्ट चीता लगातार आगे बढ़ रहा है.
यह भी पढ़ें : MP News: पेट्रोल-डीजल खरीदने वालों के लिए बड़ा बदलाव, ₹2,000 से ज्यादा का भुगतान करना होगा कैश में
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
