MP News: गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई विधायक की स्कॉर्पियो, वाहन में लगी आग
MP News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनादौन से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की स्कॉर्पियो गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक स्कूल की बाउंड्री वॉल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही देर बाद वाहन में आग लग गई। राहत की बात यह रही कि विधायक समेत वाहन में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई।
बंजारी गांव के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे नेशनल हाईवे-34 पर बंजारी गांव के पास हुई। विधायक योगेंद्र सिंह बाबा जबलपुर से घूरवाड़ा गांव जा रहे थे। उनके साथ गनमैन राजू धुर्वे और ड्राइवर अनु भी मौजूद थे। अचानक सड़क पर गाय आने से वाहन चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे स्कॉर्पियो नियंत्रण खो बैठी और स्कूल की दीवार से टकरा गई।
टक्कर के बाद लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद वाहन के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते स्कॉर्पियो में आग लग गई। हालांकि वाहन में सवार तीनों लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में विधायक, गनमैन और चालक को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही धूमा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में मदद की। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा।
यह भी पढ़ें : Sidhi News: जनता परेशान, अधिकारी नदारद: सीधी के महान परियोजना कार्यालय में अव्यवस्थाओं पर उठे सवाल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
