MP News: मध्य प्रदेश में 52 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 20 जून के बाद मानसून की दस्तक संभव
MP News: मध्य प्रदेश में मानसून आने से पहले ही प्री-मानसून गतिविधियां जोर पकड़ चुकी हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 20 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है, मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के ऊपर तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं, जिनकी वजह से आंधी और बारिश का दौर जारी है।
52 जिलों में अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 52 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, देवास, हरदा और बैतूल जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश की संभावना अधिक है।

इन जिलों में आज बरस सकते हैं बादल
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, नर्मदापुरम, धार, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, रायसेन, राजगढ़, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, श्योपुर समेत कई जिलों में आंधी और बारिश के आसार हैं, वहीं आलीराजपुर, झाबुआ और रतलाम जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है।
तापमान में बड़ी गिरावट
लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, सबसे खास बात यह रही कि प्रदेश का प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी भी श्योपुर से गर्म रहा। श्योपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पचमढ़ी में 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बड़े शहरों का तापमान
प्रदेश के प्रमुख शहरों में दर्ज तापमान:
• भोपाल – 35.5°C
• इंदौर – 35.1°C
• उज्जैन – 35.0°C
• ग्वालियर – 37.9°C
• जबलपुर – 37.6°C
वहीं खरगोन, खंडवा, नरसिंहपुर, खजुराहो और छिंदवाड़ा में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
आंधी बनी हादसे की वजह
खंडवा जिले में खराब मौसम के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा भी सामने आया। बड़वाह से खंडवा लौट रहे नवविवाहित दंपति की बाइक हाईवे पर गिरे पेड़ से टकरा गई, हादसे में 22 वर्षीय सावन मालाकार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं। परिवार के अनुसार सावन की शादी महज चार महीने पहले हुई थी। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
20 जून के बाद मानसून की दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष मध्य प्रदेश में मानसून सामान्य से 5 से 7 दिन देरी से पहुंच सकता है। प्रदेश में मानसून आने की सामान्य तिथि 15 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार इसकी एंट्री 20 से 22 जून के बीच होने की संभावना है, आमतौर पर केरल में मानसून पहुंचने के लगभग 15 दिन बाद मध्य प्रदेश में इसकी दस्तक होती है। इस वर्ष मानसून ने 4 जून को केरल में प्रवेश किया है, इसलिए विशेषज्ञों का अनुमान है कि जून के तीसरे सप्ताह में प्रदेश में मानसून सक्रिय हो सकता है।
यह भी पढ़ें : MP News: इंदौर में स्ट्रीट डॉग का कहर: 8 किलोमीटर तक मचाया आतंक, 42 लोगों को बनाया शिकार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
