MP News: कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन-मिसाइल हमले में उज्जैन निवासी की मौत, शादी में शामिल होने भारत आने वाले थे मंजूर अहमद
MP News: कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए ड्रोन और मिसाइल हमले में मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी 50 वर्षीय मंजूर अहमद की मौत हो गई। बुधवार सुबह टर्मिनल-1 पर हुए इस हमले में 63 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मंजूर अहमद भारत लौटने के लिए एयरपोर्ट पर अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे, तभी हमला हो गया।
शादी में शामिल होने घर लौट रहे थे
मंजूर अहमद अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए भारत आ रहे थे। उनके बेटे मोहम्मद अनस के मुताबिक, मंगलवार शाम को पिता से आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया था कि वे कुवैत से मुंबई पहुंचेंगे और वहां से ट्रेन के जरिए नागदा आएंगे, जहां परिवार के सदस्य उन्हें लेने पहुंचने वाले थे, परिवार 8 जून को रतलाम में होने वाली शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन उससे पहले यह दुखद खबर पहुंच गई।

30 साल से विदेश में कर रहे थे मेहनत
परिजनों के अनुसार मंजूर अहमद पिछले करीब 30 वर्षों से खाड़ी देश में रहकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। वे आखिरी बार अक्टूबर 2025 में उज्जैन आए थे। उस दौरान उन्होंने परिवार से कहा था कि अब वे पहले की तुलना में अधिक बार घर आया करेंगे, बेहतर भविष्य और बच्चों की शिक्षा के लिए उन्होंने वर्षों तक विदेश में रहकर काम किया। परिवार के मुताबिक वे टेलरिंग के व्यवसाय से जुड़े थे और घर की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी।
परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे
मंजूर अहमद अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खबर मिलते ही उज्जैन स्थित उनके घर पर रिश्तेदारों और परिचितों का जमावड़ा लग गया।
शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू
परिवार के सदस्य मोहम्मद सलीम ने बताया कि मंजूर अहमद के शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संभावना है कि शव कुवैत से अहमदाबाद एयरपोर्ट लाया जाएगा, जहां से सड़क मार्ग के जरिए उज्जैन पहुंचाया जाएगा। औपचारिकताएं समय पर पूरी होने पर अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जा सकता है।
भारत ने हमले की निंदा की
भारत सरकार ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि किसी भी संघर्ष में आम नागरिकों और नागरिक सुविधाओं को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने और ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की अपील की है, हमले के बाद पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर चिंता और गहरा गई है। ईरान ने हालिया घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कुवैत और बहरीन को भी जिम्मेदार ठहराया है और आत्मरक्षा के अधिकार का हवाला देते हुए भविष्य में जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें : MP News: मध्य प्रदेश में प्री-मानसून का असर तेज, 29 जिलों में आंधी-बारिश; 20 जून के बाद दस्तक दे सकता है मानसून
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
