Rewa News: रीवा के चाकघाट में आंधी-तूफान से भारी तबाही, हाईवे पर गिरा विशाल साइन बोर्ड, बिजली व्यवस्था ठप
Rewa News: रीवा जिले के यूपी बॉर्डर से सटे चाकघाट नगर परिषद क्षेत्र में गुरुवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। अचानक बदले मौसम ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के कारण कई मकानों के टीन शेड उड़ गए, दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। नगर के विभिन्न इलाकों में बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

बिजली आपूर्ति ठप
तूफान की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चाकघाट थाने के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगा भारी-भरकम लोहे का साइन बोर्ड भी गिर गया। कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार टूट गए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। बाजार क्षेत्र में दुकानों के बोर्ड और टीन की छतें उड़ गईं। सड़क पर गिरे पेड़ों के कारण आवागमन भी प्रभावित रहा, जबकि कई वाहन पेड़ों और टीन शेड की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।
सर्वे की उठी मांग
गनीमत रही कि देर रात तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना सामने नहीं आई। सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो चारों ओर तबाही का मंजर दिखाई दिया। सूचना मिलते ही प्रशासन और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और सड़क से पेड़ हटाने तथा बिजली व्यवस्था बहाल करने का काम शुरू किया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को जल्द राहत और मुआवजा देने की मांग की है।
यह भी पढ़ें : Rewa News: 44 डिग्री तापमान में अंधेरे में डूबा रीवा, रातभर बिजली कटौती से लोगों का फूटा गुस्सा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
