Rewa News: रीवा में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा, CM मोहन ने कांग्रेस पर साधा निशाना
Rewa News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को रीवा पहुंचे, जहां उन्होंने लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में हिस्सा लिया. एनसीसी परेड ग्राउंड से शुरू हुई यह पदयात्रा कॉलेज चौराहा, मानस भवन और प्रकाश चौराहा होते हुए पद्मधर पार्क पहुंची. मुख्यमंत्री ने पदयात्रा का नेतृत्व किया. इससे पहले एनसीसी मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर निर्वाचन आयोग, न्यायपालिका और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाने का आरोप लगाया.

निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाती है कांग्रेस
आमसभा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस केरल और हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीतती है तो निर्वाचन आयोग पर सवाल नहीं उठाती, लेकिन चुनाव में हार मिलने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने लगती है. उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि मृत और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए यह प्रक्रिया की गई है. शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र और निष्पक्ष मतदान का आधार है. मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के बढ़ते सम्मान का भी उल्लेख किया.
आपातकाल और महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए आपातकाल का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र का गला घोंटा और अटल बिहारी वाजपेयी तथा लालकृष्ण आडवाणी सहित विपक्ष के नेताओं को जेल में बंद किया था. उन्होंने कांग्रेस शासनकाल में राज्य सरकारों को बर्खास्त किए जाने और अनुच्छेद 370 को लेकर भी अपनी बात रखी. इसके साथ ही महिला आरक्षण बिल के विरोध का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर नारी शक्ति का अपमान करने का आरोप लगाया.

प्रदेश की विकास योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं. देश में 80 करोड़ लोगों को हर महीने नि:शुल्क राशन दिया जा रहा है. उन्होंने मध्य प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय और बिजली उत्पादन में हुई वृद्धि का भी उल्लेख किया. सीएम के मुताबिक, वर्ष 2003 में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपये सालाना थी, जो अब बढ़कर 1 लाख 17 हजार रुपये हो गई है. वहीं बिजली उत्पादन 5 हजार मेगावाट से बढ़कर 30 हजार मेगावाट तक पहुंच गया है.
नर्मदा जल परियोजना से मिलेगी सिंचाई की सुविधा
रीवा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विंध्य क्षेत्र की विकास परियोजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि स्लीमनाबाद में नर्मदा जल परियोजना की टनल का काम पूरा हो गया है. इससे विंध्य क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. इसके अलावा जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक नल से पानी पहुंचाने के प्रयासों की जानकारी भी दी.

निमूबेन बांभनिया और राजेंद्र शुक्ल ने भी रखी बात
कार्यक्रम में केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री निमूबेन बांभनिया ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार एसआईआर की प्रक्रिया हुई, लेकिन उस समय इस पर सवाल नहीं उठाए गए. वहीं उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रदेश में पर्यटन, उद्योग और कृषि क्षेत्र में हुए विकास का उल्लेख किया. उन्होंने नर्मदा जल परियोजना, बाणसागर बांध की नहरों और रेलवे परियोजनाओं को विंध्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया.
विंध्य के कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस पदयात्रा और आमसभा में नगरीय विकास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, सांसद जनार्दन मिश्रा, डॉ. राजेश मिश्रा और गणेश सिंह सहित विंध्य क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए. इनके अलावा गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह, मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति, देवतालाब विधायक गिरीश गौतम, त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी राज, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक और मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी भी मौजूद रहे. कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला अध्यक्ष रीवा वीरेंद्र गुप्ता ने किया.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा में दूसरी शादी को लेकर खूनी विवाद, पहली पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर किया गंभीर घायल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
