Rewa News: रीवा हुजूर तहसील में पटवारी और तहसीलदार आमने सामने, कार्रवाई पर हड़ताल की चेतावनी
Rewa News: रीवा की हुजूर तहसील में पटवारियों और तहसीलदार के बीच विवाद बढ़ गया है. पटवारियों ने कार्रवाई के विरोध में मोर्चा खोल दिया है. उनका कहना है कि यदि किसी भी तरह की कार्रवाई की गई तो वे काम बंद हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे. इस मामले की जानकारी एसडीएम और कलेक्टर तक पहुंचाई गई है.

फार्मर आईडी को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि विवाद फार्मर आईडी बनाने के काम को लेकर शुरू हुआ. तहसीलदार अनुपम पाण्डेय ने पटवारियों की बैठक लेकर काम की समीक्षा की थी. इस दौरान फार्मर आईडी बनाने में प्रगति कम होने पर तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए गए. इस पर पटवारियों ने अपनी समस्याएं सामने रखीं, पटवारियों का कहना है कि शहरी क्षेत्रों में कई किसान फार्मर आईडी बनवाने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं. कई जगह कृषि भूमि के रिकॉर्ड होने के बावजूद मौके पर आबादी या प्लाटिंग हो चुकी है. इसके अलावा साइबर फ्रॉड के डर से लोग ओटीपी साझा करने से भी बचते हैं. पटवारियों ने इन्हीं कारणों का हवाला दिया.
कार्रवाई के प्रस्ताव से बढ़ा विवाद
पटवारियों के अनुसार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया और इसके बाद कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा गया. इसमें वेतनवृद्धि रोकने और वेतन आहरण पर रोक लगाने जैसी कार्रवाई की बात सामने आई. इसी के बाद पटवारियों ने विरोध शुरू कर दिया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग रखी, पटवारियों ने साफ कहा है कि यदि वेतन रोका गया या वेतनवृद्धि पर कार्रवाई हुई तो वे काम बंद आंदोलन करेंगे. मामला कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी तक पहुंचा. कलेक्टर ने पटवारियों को आश्वासन दिया है कि वे काम करते रहें, किसी का वेतन नहीं रोका जाएगा.
पहले भी विवादों में रहे तहसीलदार
पटवारियों का आरोप है कि तहसीलदार अनुपम पाण्डेय के साथ पहले भी कई स्थानों पर विवाद की स्थिति बनी रही है. इससे पहले सेमरिया, सिरमौर और नईगढ़ी तहसीलों में भी पटवारियों के साथ मतभेद सामने आने की बात कही जा रही है. अब हुजूर तहसील में भी विवाद ने नया रूप ले लिया है, फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है. एक ओर पटवारी अपनी मांगों को लेकर विरोध जता रहे हैं, वहीं अधिकारियों की कोशिश है कि काम प्रभावित न हो. आने वाले दिनों में इस विवाद को लेकर प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा जिला शिक्षा केंद्र में वेतन संकट, पोर्टल अपडेट के कारण दो महीने से भुगतान रुका
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
