MP News: मध्य प्रदेश को 2029 तक नशा मुक्त बनाने की अमित शाह की घोषणा का उमा भारती ने किया स्वागत, कहा- ‘मन की मुराद पूरी हुई’
MP News: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 3 अक्टूबर 2026 को अपने भोपाल दौरे के दौरान मध्य प्रदेश को नशा मुक्त बनाने का एक बड़ा ऐलान किया है. भेल दशहरा मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने स्पष्ट डेडलाइन तय की और घोषणा की कि 31 दिसंबर 2029 तक मध्य प्रदेश को नारकोटिक्स और हर तरह के नशे से पूरी तरह मुक्त कर दिया जाएगा.

पूर्व सीएम उमा भारती ने किया फैसले का जोरदार स्वागत
गृहमंत्री अमित शाह के इस संकल्प को मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती का भी पुरजोर समर्थन मिल गया है. शराबबंदी और नशामुक्ति के लिए लंबे समय से अभियान चला रहीं उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा कर गृहमंत्री की इस घोषणा का दिल से अभिनंदन किया और जनता से इसे सफल बनाने की अपील की.
‘घोषणा ने हमारे मन की मुराद पूरी कर दी‘: उमा भारती
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने अपनी पोस्ट में खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि अमित शाह जी की इस ऐतिहासिक घोषणा ने उनके मन की मुराद पूरी कर दी है और उनके लंबे संघर्ष व अभियान को सफलता की दिशा में आगे बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश जैसे देश के दिल को नशा मुक्त बनाने की पहल का सकारात्मक प्रभाव पूरे भारतवर्ष पर पड़ेगा.
“नशामुक्ति का पहला चरण है शराब मुक्ति”
उमा भारती ने जोर देकर कहा कि किसी भी समाज को नशा मुक्त बनाने का पहला चरण ‘शराब मुक्ति’ है. व्यक्ति सबसे पहले शराब का सेवन शुरू करता है और बाद में अन्य गंभीर नशीले पदार्थों (नारकोटिक्स) की लत की ओर बढ़ता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन के इस कड़े संकल्प से अवैध शराब और नशीली दवाओं के नेटवर्क पर करारा प्रहार होगा.
गोपालक सम्मेलन में शामिल हुए थे केंद्रीय गृहमंत्री
उल्लेखनीय है कि गृहमंत्री अमित शाह भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होने आए थे, जहां 11 जिलों के लगभग 35,000 गोपालक पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने गौशालाओं के लिए ₹101 करोड़ की राशि जारी की, उज्जैन में ₹255 करोड़ के अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का भूमिपूजन किया और इसी मंच से प्रदेश को 2029 तक नशामुक्त करने का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें : MP News: मध्य प्रदेश में युवाओं के लिए बड़ा आयोजन, 6 अक्टूबर को भोपाल में होगा ‘सीएम यूथ कॉन्क्लेव 2026’
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










