CG News: 100 में 6 नंबर पाने वाले भी बने शिक्षक, शिक्षा मंत्री ने दिए जांच के आदेश
CG News: छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूलों में संविदा शिक्षक भर्ती को लेकर बड़ा मामला सामने आया है. भर्ती परीक्षा में महज 6 अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी का भी चयन कर लिया गया. 100 अंकों की परीक्षा में इतने कम नंबर मिलने के बावजूद नियुक्ति होने से चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने जांच के निर्देश दिए हैं.

मंत्री ने कटऑफ लागू करने की कही बात
इस पूरे मामले पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि भर्ती परीक्षा में न्यूनतम कटऑफ निर्धारित होना चाहिए था. उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जाएगा. मंत्री के मुताबिक, इस भर्ती में 200 से अधिक अभ्यर्थियों के चयन की जानकारी सामने आई है, जिन्हें 100 अंकों के प्रश्नपत्र में 33 प्रतिशत अंक भी नहीं मिले. ऐसे में भर्ती के मानकों और चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं.
बिना कटऑफ के हुई चयन प्रक्रिया
दरअसल, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूलों में लेक्चरर, शिक्षक और सहायक शिक्षक के पदों पर एक साल के लिए संविदा भर्ती की गई थी. इसके लिए सेंट्रलाइज्ड कम्प्यूटरीकृत सिस्टम के माध्यम से परीक्षा आयोजित हुई. प्रश्नपत्र कुल 100 अंकों का था, लेकिन चयन प्रक्रिया में न्यूनतम कटऑफ निर्धारित नहीं किया गया. इसी का नतीजा रहा कि बेहद कम अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को भी चयन सूची में जगह मिल गई. कुछ अभ्यर्थियों को 6, 9.25 और 10 अंक मिलने के बावजूद चयनित किया गया.

दुर्ग में 191 पदों पर हुई भर्ती
दुर्ग जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूलों में अलग-अलग श्रेणियों के 191 पदों पर नियुक्तियां की गईं. इन पदों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET उत्तीर्ण होना अनिवार्य था. चयनित सभी अभ्यर्थी टीईटी पास बताए गए हैं. हालांकि, लिखित परीक्षा में बेहद कम अंक मिलने के बाद भी चयन होने का मामला अब चर्चा का विषय बन गया है.
34 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय यानी DPI की ओर से 26 विषयों के संविदा पदों के लिए 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक परीक्षा आयोजित की गई थी. इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 1812 पदों के लिए 34,604 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. अब कम अंकों पर चयन का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. शिक्षा मंत्री के जांच के आदेश के बाद अब यह देखना अहम होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आगे चयन प्रक्रिया में क्या बदलाव किए जाते हैं.
यह भी पढ़ें : CG Census 2027: छत्तीसगढ़ में 25 जनवरी से शुरू होगी घर-घर जनगणना, 72 हजार कर्मचारी संभालेंगे जिम्मेदारी
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
