Rewa Special Story: जानिए रीवा के सफेद बाघ मोहन की अनोखी कहानी, दुनिया भर के White Tigers का पूर्वज बना था मोहन
Rewa Special Story: मध्य प्रदेश के रीवा की पहचान दुनिया भर में सफेद बाघों की धरती के रूप में है. इसकी सबसे खास वजह है सफेद बाघ मोहन, जिसकी कहानी आज भी वन्यजीव इतिहास में विशेष स्थान रखती है. वर्ष 1951 में तत्कालीन रीवा महाराजा मार्तंड सिंह ने सीधी क्षेत्र के बरगढ़ी यानी पंखोरा के जंगलों में एक दुर्लभ सफेद बाघ का शावक देखा था. 27 मई 1951 को करीब 6 महीने के इस शावक को सुरक्षित जीवित पकड़कर गोविंदगढ़ लाया गया और उसका नाम मोहन रखा गया.

गोविंदगढ़ किले में बना था खास बाघ महल
सफेद फर और गहरे रंग की धारियों वाले मोहन की खूबसूरती देखते ही बनती थी. उसकी गुलाबी नाक और नीली-हरी आंखें उसे दूसरे बाघों से अलग बनाती थीं. महाराजा मार्तंड सिंह ने उसके रहने के लिए गोविंदगढ़ किले के भीतर विशेष बाघ महल बनवाया था. यहां मोहन को शाही मेहमान की तरह रखा जाता था. धीरे-धीरे यह सफेद बाघ केवल राजघराने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि रीवा की पहचान बन गया.

रविवार को मांस नहीं खाता था मोहन
मोहन की दिनचर्या भी काफी दिलचस्प थी. उसे रोजाना करीब 10 किलोग्राम मांस के साथ दूध और अंडे दिए जाते थे. लेकिन उसकी एक आदत ने सभी को हैरान कर दिया था. बताया जाता है कि मोहन हर रविवार मांस खाने से इनकार कर देता था. लगातार ऐसा होने पर महाराजा मार्तंड सिंह के निर्देश पर रविवार को उसे केवल 2 लीटर शुद्ध दूध दिया जाने लगा. एक मांसाहारी बाघ का नियमित रूप से रविवार को मांस नहीं खाना आज भी उसकी कहानी का सबसे रोचक पहलू माना जाता है.

महाराजा के साथ खेलता था फुटबॉल
महाराजा मार्तंड सिंह और मोहन के बीच गहरा लगाव था. बताया जाता है कि महाराजा दोपहर के समय बाड़े की छत पर खड़े होकर नीचे फुटबॉल फेंकते थे. करीब 9 फीट लंबा मोहन गेंद को पकड़ने के लिए बच्चों की तरह दौड़ लगाता था. रीवा राजघराने और स्थानीय लोगों के बीच उसका खास सम्मान था. लोग उसे सिर्फ मोहन नहीं, बल्कि आदर के साथ मोहन जी कहकर पुकारते थे.

दुनिया के सफेद बाघों से जुड़ा है मोहन का वंश
मोहन की कहानी का सबसे महत्वपूर्ण पहलू उसकी संतानों से जुड़ा है. गोविंदगढ़ पैलेस में उसके साथ बेगम, राधा और सुकेसी नाम की तीन बाघिनों को रखा गया था. बताया जाता है कि इनसे मोहन की कुल 34 संतानें हुईं, जिनमें 21 सफेद रंग की थीं. आगे चलकर मोहन का वंश दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचा. इसी वजह से उसे वैश्विक स्तर पर सफेद बाघों की वंश परंपरा का प्रमुख जनक माना जाता है.

मोहन की मौत पर घोषित हुआ था राजकीय शोक
सफेद बाघ मोहन को देखने के लिए देश के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू सहित कई प्रमुख हस्तियां रीवा पहुंची थीं. 18-19 दिसंबर 1969 को करीब 19 वर्ष की आयु में मोहन ने अंतिम सांस ली. उसकी मौत से रीवा में शोक की लहर फैल गई. बताया जाता है कि महाराजा मार्तंड सिंह भी कई दिनों तक एकांत में रहे और रीवा रियासत में राजकीय शोक घोषित किया गया. मोहन के पार्थिव शरीर को राजसी ध्वज में लपेटकर तोपों और बंदूकों की सलामी के साथ राजकीय सम्मान से अंतिम विदाई दी गई. आज भी सफेद बाघ मोहन की कहानी रीवा के गौरवशाली इतिहास का अहम हिस्सा बनी हुई है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा के आजाद नगर में सर्राफा व्यापारी से लूट, पीछा कर रहे तीन नकाबपोश बदमाश बैग छीनकर फरार
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |

1 thought on “Rewa Special Story: जानिए रीवा के सफेद बाघ मोहन की अनोखी कहानी, दुनिया भर के White Tigers का पूर्वज बना था मोहन”