MP News: बागेश्वर धाम में महिलाओं की सुरक्षा पर धीरेंद्र शास्त्री की बड़ी अपील, अकेला न आने की दी सलाह
MP News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ा गांव स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धाम आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर माताओं और बहनों से बड़ी अपील की है. शनिवार रात अपने संबोधन के दौरान उन्होंने धाम आने वाली महिलाओं को विशेष सतर्कता और सावधानी बरतने की सलाह दी.

‘महिलाएं धाम में अकेली न आएं’
धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाएं या बहनें बागेश्वर धाम अकेले आने से बचें. यदि किसी कारणवश उन्हें अकेला आना भी पड़ता है, तो वे धाम परिसर में किसी भी अनजान व्यक्ति या सेवादार पर आंख मूंदकर भरोसा न करें. इसके साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं को धाम में बहुत अधिक दिनों तक न ठहरने की सलाह भी दी.
पूरे परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं ले सकता
बागेश्वर बाबा ने अपनी व्यवस्थागत सीमाओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि वे मुख्य मंदिर और कथा हॉल के भीतर सुरक्षा की जिम्मेदारी ले सकते हैं, लेकिन 5 एकड़ में फैले पूरे मंदिर परिसर की सुरक्षा संभालना संभव नहीं है. उन्होंने श्रद्धालुओं को आगाह किया कि धाम में कोई विशेष सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, इसलिए वे अपनी सुरक्षा के प्रति स्वयं जिम्मेदार और सावधान रहें.
सनातन धर्म पर चारों तरफ से हो रहे हमले
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म और धार्मिक स्थलों को चारों तरफ से निशाना बनाया जा रहा है. कई असमाजिक तत्व सनातन धर्म को नीचा दिखाने और धामों की छवि बिगाड़ने के लिए उपद्रव की फिराक में रहते हैं. ऐसे माहौल में श्रद्धालुओं की थोड़ी सी लापरवाही बड़ी समस्या बन सकती है.
वृंदावन की घटना से विचलित हुआ मन
अपनी इस भावुक अपील की वजह बताते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वृंदावन में घटी हालिया घटना के बाद से उनका मन काफी विचलित था. वे नहीं चाहते कि किसी अनहोनी या अप्रिय घटना के कारण बागेश्वर धाम या श्री बालाजी महाराज का नाम कलंकित हो, इसीलिए उन्होंने श्रद्धालुओं से खुद सजग और सावधान रहने का आह्वान किया है.
यह भी पढ़ें : MP News: मध्य प्रदेश की बिजली कंपनियों के 4500 से अधिक संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण अटका
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |










