MP News: इंदौर में दिलजीत दोसांझ का मेगा कॉन्सर्ट आज, 8 लाख रुपये तक की टिकट, सुरक्षा के लिए 700 पुलिसकर्मी तैनात
MP News: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का बहुप्रतीक्षित लाइव कॉन्सर्ट रविवार को इंदौर के सी-21 एस्टेट में आयोजित होने जा रहा है. कार्यक्रम से पहले दिलजीत प्राइवेट जेट से इंदौर पहुंच गए हैं और शहर के होटल मैरियट में ठहरे हुए हैं. उनके आगमन के साथ ही प्रशंसकों का उत्साह देखने लायक रहा. सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि 35 घंटे की यात्रा के बाद आखिरकार वे इंदौर पहुंच गए हैं. पोस्ट के अंत में उन्होंने जय श्री महाकाल भी लिखा.

एयरपोर्ट पर प्रशंसकों ने किया स्वागत
इंदौर एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए दिलजीत ने एक वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया है. वीडियो में वे वहां मौजूद प्रशंसकों का अभिवादन करते नजर आ रहे हैं. इस दौरान कई लोग अपने हाथों में उनके बनाए हुए स्केच लेकर भी पहुंचे थे. शहर में उनके कॉन्सर्ट को लेकर पहले से ही जबरदस्त उत्साह बना हुआ है.
1500 रुपये से 8 लाख रुपये तक टिकट की कीमत
कॉन्सर्ट के टिकट अलग-अलग श्रेणियों में उपलब्ध कराए गए हैं. सिल्वर कैटेगरी का टिकट 1500 रुपये और गोल्ड टिकट 4500 रुपये का रखा गया है. फैनपिट में प्रवेश के लिए 10 हजार रुपये, जबकि RuPay लाउंज के लिए 15 हजार रुपये चुकाने होंगे. सबसे महंगी GOAT टेबल की कीमत 8 लाख रुपये है, जिसमें अधिकतम 10 लोगों के बैठने की सुविधा होगी. यह व्यवस्था एलीवेटेड व्यूइंग प्लेटफॉर्म पर की गई है, जहां खाने के साथ व्हिस्की, स्कॉच, वोदका, टकीला और बीयर भी परोसी जाएगी.

Born To Shine टेबल के लिए 5 लाख रुपये
कॉन्सर्ट में Born To Shine टेबल की कीमत 5 लाख रुपये तय की गई है. इस टेबल पर भी अधिकतम 10 लोग बैठ सकेंगे और दर्शकों को एलीवेटेड प्लेटफॉर्म से कार्यक्रम देखने की सुविधा मिलेगी. इस श्रेणी में भी खाने के साथ स्कॉच, वोदका, टकीला और बीयर परोसे जाने की व्यवस्था है. आयोजन स्थल पर टिकट की कैटेगरी के मुताबिक प्रवेश दिया जाएगा. इसके अलावा दर्शकों के वाहनों के लिए तीन अलग-अलग जोन में पार्किंग की व्यवस्था बनाई गई है.
शाम 4 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट शाम 4 बजे से शुरू होगा, जबकि उनके रात 8 बजे मंच पर पहुंचने का कार्यक्रम है. भीड़ और यातायात को देखते हुए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. आयोजन स्थल के आसपास शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. कनाड़िया की ओर से आने वाले दर्शक पटेल नगर, खजराना मार्ग और पाकीजा कॉलेज होते हुए RE-2 रोड पार्किंग तक पहुंच सकेंगे. वहीं रेडिसन चौराहे से आने वालों के लिए स्टार चौराहा और लाभगंगा होते हुए RE-2 तक का रास्ता तय किया गया है. VIP वाहनों के लिए लाभगंगा, द पार्क होटल, पतंग तिराहा और दस्तूर डिलाइट होते हुए VIP गेट पार्किंग तक पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है.
धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था सख्त
कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों में 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. निगरानी के लिए 230 ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि बम डिस्पोजल यूनिट भी मौके पर मौजूद रहेगी. इसके अलावा व्यवस्था संभालने के लिए एक हजार से ज्यादा वॉलेंटियर तैनात किए जाएंगे. ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 7049107620 भी जारी किया गया है.
यह भी पढ़ें : Rewa News: रीवा के विश्वकर्मा घाट पर छठ पूजा की धूम, डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने मांगी परिवार की खुशहाली
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “MP News: इंदौर में दिलजीत दोसांझ का मेगा कॉन्सर्ट आज, 8 लाख रुपये तक की टिकट, सुरक्षा के लिए 700 पुलिसकर्मी तैनात”