MP News: मध्य प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू, 52 जिलों में बनेंगे परीक्षा केंद्र
MP News: मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं. माध्यमिक शिक्षा मंडल ने प्रदेश के सभी 52 जिलों के कलेक्टरों को परीक्षा केंद्र निर्धारित करने के निर्देश जारी किए हैं. जिलों में प्राथमिक और मिडिल स्तर के अभ्यर्थियों की संख्या के आधार पर परीक्षा केंद्रों का चयन किया जाएगा. इस बार दोनों स्तरों को मिलाकर कुल 33 हजार 834 शिक्षक परीक्षा में शामिल होंगे. जिला प्रशासन को परीक्षा केंद्रों की सूची तैयार कर 20 नवंबर 2026 तक मंडल को भेजनी होगी.

प्राथमिक और मिडिल स्तर के इतने अभ्यर्थी होंगे शामिल
मंडल के आंकड़ों के मुताबिक, इस परीक्षा में प्राथमिक स्तर के 15 हजार 176 और मिडिल स्तर के 18 हजार 658 अभ्यर्थी शामिल होंगे. इस तरह दोनों श्रेणियों में कुल 33 हजार 834 उम्मीदवार परीक्षा देंगे. अभ्यर्थियों की संख्या और परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिलों में केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा, ताकि परीक्षा के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें.
कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित होगी समिति
परीक्षा केंद्रों के चयन की जिम्मेदारी जिला स्तर पर गठित समिति को सौंपी गई है. इस समिति की अध्यक्षता संबंधित जिले के कलेक्टर करेंगे. इसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य या उनके प्रतिनिधि शामिल रहेंगे. मंडल के निर्देशों के मुताबिक, परीक्षा केंद्रों के लिए पहली प्राथमिकता शासकीय स्कूलों को दी जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर बेहतर सुविधाओं वाले निजी विद्यालयों और अन्य सरकारी संस्थानों का भी चयन किया जा सकेगा.

20 नवंबर तक मंडल को भेजनी होगी सूची
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के साथ उनकी व्यवस्थाओं को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं. परीक्षा वाले दिन केंद्रों पर किसी दूसरी परीक्षा या अन्य गतिविधि की अनुमति नहीं होगी. इसके अलावा गोपनीय परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रखने और प्रवेश पत्र वितरण की उचित व्यवस्था करना भी जरूरी होगा. सभी जिलों को निर्धारित प्रारूप में एक्सेल फाइल तैयार कर 20 नवंबर 2026 तक मंडल के ई-मेल Email-ntse.mpbse@gmail.com पर भेजनी होगी.
छिंदवाड़ा में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी
जिलेवार आंकड़ों में छिंदवाड़ा सबसे आगे है, जहां कुल 1 हजार 660 अभ्यर्थी शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होंगे. इसके बाद रीवा में 1 हजार 474, छतरपुर में 1 हजार 229, मंडला में 1 हजार 227, उज्जैन में 1 हजार 142 और रतलाम में 1 हजार 81 उम्मीदवार दर्ज किए गए हैं. दूसरी ओर श्योपुर में सबसे कम 141 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि हरदा में 155 और उमरिया में 210 उम्मीदवार शामिल होंगे.
भोपाल में 616 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
राजधानी भोपाल में भी शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए कुल 616 अभ्यर्थियों का पंजीकरण दर्ज किया गया है. इनमें प्राथमिक स्तर के 204 और मिडिल स्तर के 412 उम्मीदवार शामिल हैं. अब सभी जिलों में अभ्यर्थियों की संख्या के मुताबिक परीक्षा केंद्रों की क्षमता, भवनों की उपलब्धता और जरूरी सुविधाओं का आकलन किया जाएगा. 20 नवंबर तक केंद्रों की सूची मिलने के बाद परीक्षा आयोजन से जुड़ी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा.
यह भी पढ़ें : Rewa News: छठ पूजा के दौरान रीवा के बड़ी पुल पर लगा जाम, आधे घंटे तक फंसी रही एंबुलेंस, यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |











1 thought on “MP News: मध्य प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू, 52 जिलों में बनेंगे परीक्षा केंद्र”