CG News: उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में शुरू होगी हॉर्नबिल सफारी, संरक्षण के साथ रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
CG News: छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल शुरू की जा रही है। वन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर रिजर्व प्रबंधन ने पीवीटीजी गांवों ओढ़, अमलोर और आमामोरा में ‘हॉर्नबिल सफारी’ शुरू करने का निर्णय लिया है। इस पहल से दुर्लभ मालाबार पाइड हॉर्नबिल के संरक्षण को मजबूती मिलेगी, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
चार वर्षों में बढ़ी हॉर्नबिल की संख्या
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में पिछले चार वर्षों के दौरान मालाबार पाइड हॉर्नबिल की आबादी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वन विभाग द्वारा चलाए गए एंटी-पोचिंग अभियान, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, फलदार वृक्षों के संरक्षण और ‘हॉर्नबिल रेस्टोरेंट’ जैसी पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

हॉर्नबिल ट्रैकिंग टीम की अहम भूमिका
हॉर्नबिल संरक्षण के लिए बनाई गई विशेष ट्रैकिंग टीम लगातार पक्षियों की गतिविधियों, घोंसलों और उनके प्राकृतिक आवास की निगरानी कर रही है। वन विभाग के कर्मचारियों के साथ स्थानीय ट्रैकर्स भी इस अभियान का हिस्सा हैं। उनके प्रयासों से यह क्षेत्र अब हॉर्नबिल के सुरक्षित आवास और आकर्षक बर्डिंग स्पॉट के रूप में विकसित हो रहा है।
पर्यटकों और शोधकर्ताओं के लिए नया आकर्षण
प्रस्तावित हॉर्नबिल सफारी के जरिए पर्यटक, पक्षी प्रेमी, वन्यजीव फोटोग्राफर और शोधकर्ता प्राकृतिक वातावरण में हॉर्नबिल का अवलोकन कर सकेंगे। सफारी संचालन के लिए शुरुआती चरण में दो जिप्सी वाहनों की व्यवस्था की गई है, इस योजना की सबसे खास बात स्थानीय समुदायों की भागीदारी है। पीवीटीजी गांवों के युवाओं को बर्ड वॉचिंग और नेचर गाइड का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वे पर्यटकों के लिए गाइड के रूप में कार्य करेंगे, जिससे उन्हें स्थायी रोजगार और आय का अवसर मिलेगा।
मध्य भारत का उभरता बर्डिंग डेस्टिनेशन
रायपुर से करीब 130 किलोमीटर दूर स्थित उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व तेजी से मध्य भारत के प्रमुख बर्डिंग और नेचर टूरिज्म केंद्र के रूप में उभर रहा है। यहां मालाबार पाइड हॉर्नबिल के अलावा शाहीन बाज, भारतीय पिट्टा, ब्राउन फिश आउल, ग्रे-हेडेड फिश ईगल और कई अन्य दुर्लभ पक्षियों की प्रजातियां देखी जा सकती हैं।
पर्यटन और संरक्षण का अनूठा संगम
विशेषज्ञों का मानना है कि हॉर्नबिल सफारी संरक्षण आधारित आजीविका और सतत पर्यटन का बेहतरीन उदाहरण बनेगी। इससे छत्तीसगढ़ को प्राकृतिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी और स्थानीय ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी, हॉर्नबिल सफारी और बुकिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए पर्यटक उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा निर्धारित हेल्पलाइन नंबरों पर भी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें : CG News: रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने किया नमन, कहा- उनका शौर्य और त्याग अमर प्रेरणा
Author: Vindhya Times
विन्ध्या टाइम्स वेब बेस्ड न्यूज़ चैनल है जो विन्ध्य क्षेत्र में एक सार्थक,सकारात्मक और प्रभावी रिसर्च बेस्ड पत्रकारिता के लिए अपनी जाना जाता है.चैनल के माध्यम से न्यूज़ बुलेटिन, न्यूज़ स्टोरी, डाक्यूमेंट्री फिल्म के साथ-साथ विन्ध्य क्षेत्र और मप्र. की ख़बरों को प्रसारित किया जाता है. विन्ध्य क्षेत्र की राजनीति, युवा, सांस्कृतिक, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कल्चर, फ़ूड, और अन्य क्षेत्र में एक मजबूत पत्रकारिता चैनल का उद्देश्य है. विन्ध्या टाइम्स न्यूज़ चैनल की ख़बरों को आप चैनल की वेबसाइट-www.vindhyatimes.in एवं एंड्राइड बेस्ड एप्लीकेशन के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही साथ फेसबुक पेज- https://www.facebook.com/vindhyatimesnews और ट्वीटर में -@vindhyatimes से भी आप ख़बरों को पढ़ सकते हैं. जुड़े रहिये हमारे साथ |
